फूलपुर में चंद्रशेखर आजाद का ऐलान: सरकार बनने पर शस्त्र प्रदर्शन करने वाले दबंगों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। आज जनपद प्रयागराज की फूलपुर विधानसभा में आयोजित विशाल जनसभा में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज के हक, सम्मान, सामाजिक न्याय और भयमुक्त जीवन का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
शस्त्र प्रदर्शन के जरिए बहुजन समाज में भय पैदा करने की कोशिश
जनसभा को संबोधित करते हुए आजाद ने साफ कहा कि कुछ जिले आज भी सामंतवाद और मनुवाद की जंजीरों में जकड़े हुए हैं। समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों को डराने-धमकाने तथा शस्त्रों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने की प्रवृत्ति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सजातीय कुछ तत्व शस्त्र प्रदर्शन के जरिए बहुजन समाज में भय पैदा करने का काम कर रहे हैं। आजाद ने स्पष्ट ऐलान किया, “सरकार बनते ही ऐसे दबंगों और माफिया तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। गरीब, लाचार और बेबस लोगों को भय और शोषण की बेड़ियों से मुक्त कर सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाया जाएगा।”
नौजवान और किसान सड़कों पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर
प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी, व्यापारी, नौजवान और किसान सरकार की नीतियों से परेशान होकर सड़कों पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की समस्याओं का समाधान और हर वर्ग को न्याय दिलाना है। समान शिक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए आजाद ने कहा, “सरकार बनने पर ऐसी शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी जिसमें जिले के जिलाधिकारी का बेटा और किसान-मजदूर का बेटा एक ही छत के नीचे, समान अवसरों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर सकें। शिक्षा किसी एक वर्ग का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि हर बच्चे का मौलिक अधिकार होगा।”
जनता के असली मुद्दों पर हो चर्चा
विपक्ष को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के हक-अधिकार और सम्मान की लड़ाई सत्ता में बैठे लोगों की गलत नीतियों और अन्याय के खिलाफ है। विपक्ष को बेवजह बहुजन समाज से टकराव की स्थिति पैदा करने से बचना चाहिए। आपसी विवाद के बजाय जनता के असली मुद्दों सामाजिक न्याय, सम्मान और अधिकार पर चर्चा होनी चाहिए। जनसभा के समापन पर चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जनता की एकजुटता और सहयोग से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का मिशन-2027 नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा। सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की आवाज और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ेंः 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार: कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा, भरणी नक्षत्र और सिद्धि योग का संयोग