मऊ कोर्ट में हंगामा, बरछा जंगल के गैंगरेप के दो आरोपियों की वकीलों ने की जमकर पिटाई
महू। शहर के जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बरछा जंगल गैंगरेप मामले के दो आरोपियों को पेशी के लिए लाया गया। कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस कोर्ट रुम में ले जा रही थी
जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन बरछा जंगल गैंगरेप केस से जुड़े दो आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आया था। जैसे ही पुलिस उन्हें कोर्ट रूम की ओर ले जा रही थी, वकीलों का एक समूह वहां जुट गया और उन्होंने आरोपियों को घेर लिया।
हिंसक हो गई भीड़, तोड़ा पुलिस का घेरा
देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और वकीलों ने पुलिस सुरक्षा के घेरे को दरकिनार करते हुए आरोपियों पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। वहां मौजूद वकीलों का आक्रोश इतना अधिक था कि कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपी को पुलिस ने मुश्किल से बचाया
इस अप्रत्याशित विरोध और मारपीट के कारण वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस को वकीलों के बीच से आरोपियों को बचाकर सुरक्षित कोर्ट रूम के भीतर ले जाने में कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी। इस दौरान कोर्ट परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
आरोपियों ने बरछा के जंगल में गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था
यह घटना बरछा जंगल में हुए चर्चित गैंगरेप मामले से जुड़ी है। आरोपी लंबे समय से न्यायिक हिरासत में थे। उन्हें सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट लाया गया था। फिलहाल, इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति कैसे बेकाबू हो गई।
यह भी पढ़े: डिलीवरी बॉय ने iPhone बदले ईंट-पत्थर
https://www.primenewsnetwork.in/state/delivery-boy-replaces-7-iphones-with-bricks/175575