छठी का उत्सव मातम में बदला, पति ने गोली मारकर पत्नी की हत्या, मचा हाहाकार
समस्तीपुर {बिहार}। समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत चकलालशाही गांव में बेटी की छठी के उत्सव की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। दो बेटों के बाद घर में बेटी के जन्म से पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। मंगलवार देर रात नवजात बेटी की छठी का उत्सव मनाया जा रहा था। घर-आंगन में खुशियां थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद यह माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
पति-पत्नी के विवाद के बाद चली गोली
चकलालशाही गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला को गोली मार दी गई। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसका भाई आनन-फानन में बाइक से उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचा। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान चकलालशाही गांव निवासी सूरज सहनी की पत्नी मंजुला देवी के रूप में हुई है।
मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
दर्दनाक घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के आरोप के बाद पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद से आरोपी पति घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार