देव प्रखंड के पवई गांव में शुक्रवार की अहले सुबह ए

छठीहार की खुशियां मातम में बदलीं, छत से गिरकर 40 वर्षीय युवक की मौत

Chhathihar Festivities Turn Tragic, Man Dies in Fall

औरंगाबाद {बिहार}: देव प्रखंड के पवई गांव में शुक्रवार की अहले सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत से गिरने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवई निवासी स्व. दामोदर प्रसाद के बड़े पुत्र सूरज कुमार (40) के रूप में की गई है।

पेशाब करने के दौरान बिगड़ा संतुलन

बताया जाता है कि सूरज के छोटे भाई सुजीत के बेटे का छठीहार कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मेहमानों को विदा कर सूरज छत पर सोने चला गया। रात करीब ढाई बजे पेशाब करने के लिए वह छत के किनारे गया, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में मौत

परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल औरंगाबाद ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे नारायण मेडिकल कॉलेज जमुहार रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर दोबारा सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।

पिता की मौत के बाद सूरज पर थी घर की जिम्मेदारी

बताया जाता है कि पिता की मौत के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी सूरज पर ही थी। तीन महीने पहले नगर थाना क्षेत्र के महुआ शहीद मुहल्ला में उस पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के बाद वह ठीक होकर पारिवारिक जिम्मेदारियां निभा रहा था। छठीहार की खुशी के बीच हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है।

यह भी पढ़ें: टेन्नूर विद्युत बोर्ड कार्यालय में रिश्वतखोरी की शिकायत, DVAC का अचानक निरीक्षण