125.7 किलो गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर पर शिकंजा, महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से किया गिरफ्तार
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। महासमुंद पुलिस ने दो माह पुराने गांजा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नेटवर्क के मुख्य सप्लायर को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। मामले में पहले 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अब एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत पुलिस ने गांजा के सोर्स प्वाइंट तक पहुंचकर मुख्य सप्लायर को पकड़ा है।
अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा
महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो माह पुराने मामले की जांच को आगे बढ़ाया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में कटहल के नीचे गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रेहटीखोल अंतरराज्यीय जांच नाके पर वाहनों की जांच शुरू की गई।
कटहल के नीचे छिपाया था गांजा
जांच के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और नंबर वाला संदिग्ध वाहन पुलिस के सामने पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। वाहन में कटहल के नीचे बोरियों में छिपाकर रखा गया 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार धीरेंद्र कुमार गौतम और लवकुश गौतम, दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए।
70.93 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा को ओडिशा के बलांगीर जिले से प्रयागराज ले जा रहे थे। कार्रवाई में 62.85 लाख रुपये कीमत का 125.700 किलो गांजा, 8 हजार रुपये का मोबाइल और करीब 8 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत करीब 70.93 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
सोर्स प्वाइंट तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले की एंड-टू-एंड विवेचना और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत गांजा के सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट की पड़ताल शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच टीम ओडिशा के अंगुल जिले तक पहुंची।
मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने गांजा के सोर्स प्वाइंट से जुड़े आरोपी बिकास कुमार साहू (35) को गिरफ्तार किया। आरोपी कटक जिले के चौलियागंज थाना क्षेत्र के माथासाही का निवासी बताया गया है। थाना सिंघोड़ा और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अंगुल जिले में दबिश देकर उसे पकड़ा।
यह भी पढ़े: कोटा में 11.44 करोड़ रुपये के जब्त मादक पदार्थ नष्ट, 4968 किलो से ज्यादा ड्रग्स का निस्तारण