छिंदवाड़ा में महिला ने मेहंदी से लिखा मौत का कारण, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई क्षेत्र स्थित चन्हियाखुर्द गांव में 32 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेहंदी से हाथ-पैरों पर लिखा संदेश
आत्मघाती कदम उठाने से पहले महिला ने अपने हाथ और पैरों पर मेहंदी से अपनी मौत का कारण लिख दिया। पुलिस इसे मामले का अहम साक्ष्य मान रही है। जांच के लिए मेहंदी से लिखे गए संदेशों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है, ताकि उन्हें जांच में शामिल किया जा सके।
बेटे की मौत के बाद सदमे में थी महिला
बताया जा रहा है कि प्रीति वर्मा की शादी करीब 13 वर्ष पहले हुई थी। कुछ समय पहले उनके बेटे की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह गहरे मानसिक सदमे में थीं। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ससुराल पक्ष पर विवाद का आरोप
थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि चन्हियाखुर्द निवासी प्रीति वर्मा ने शुक्रवार को जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महिला ने अपने हाथ और पैरों पर मेहंदी से ससुराल पक्ष के साथ विवाद का जिक्र किया था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: मुजफ्फरनगर अस्पताल के ICU में मरीज की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी तीमारदार गिरफ्तार