पीलीभीत में अधूरी पुलिया पर बिजली के खंभों से गुजर रहे बच्चे, जान जोखिम में डालकर जा रहे स्कूल
पीलीभीत: निर्माणाधीन पुलिया का अधूरा काम, 7 फीट गहरी खाई पर बिजली के सीमेंटेड खंभों से बना अस्थाई पुल और उसपर डगमगाते हुए स्कूल का रास्ता तय करते मासूम बच्चे। ये खतरनाक जरूर है, लेकिन सच है तस्वीरें बीसलपुर के मवैया गांव की है जोकि सोशल मीडिया पर भी वायरल है, जिसके बाद कई सवाल खड़े हो रहे है।
अधूरी पुलिया पर बिजली के खंभे से गुजर रहे बच्चे
दरअसल लोक निर्माण विभाग के द्वारा मवैया से रामपुर अमृत गांव तक दो किमी का रास्ता 85 लाख रुपये की लागत से बनवाया जा रहा है, लेकिन काम अधूरा है। अब निर्माणाधीन यह पुलिया ग्रामीणों के लिए मुशीबत और खतरा बन गई है, क्योंकि कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं दिया गया। ऐसे में बिजली के सीमेंटेड खंभों का पुलिया पर सेतु बनाया गया। ग्रामीण सात फीट चौड़ी खाई पार करने के लिए इसका हीं सहारा ले रहे। उसी पर डगमगाते बच्चे भी स्कूल का रास्ता तय कर रहे है। बच्चों को तीन किमी दूर एलकेटी इंटरनेशनल स्कूल जाने के लिए इसी निर्माणाधीन पुलिया से गुजरना होता है। खंभे पर चलकर पुलिया से पार हो रहे छात्रों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मासूम बच्चे खंभे पर संतुलन बनाकर डगमगाते हुए नाला पार करते दिख रहे है।
अधूरी पुलिया से गुजरने को मजबूर ग्रामीण
बताया जा रहा है इस पुलिया के निर्माण का ठेका रामनरेश को दिया गया है, काम मई में शुरू कराया गया, जो नौ महीने में पूरा होना है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने नई पुलिया बनाना शुरू किया, लेकिन काम अधूरा है। पुलिया को पार करने के लिए कोई दूसरा रास्ता न होने से ग्रामीणों को खंभों का हीं सहारा लेना पड़ रहा है, हालांकि इसमें खतरा भी बना है अगर खम्बे का यह पुल टूट गया या इस पर से कोई बच्चा फिसलकर गिर गया तो बड़ा हादसा होने की संभावना भी है।
ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, वीडियो वायरल