यूपी चुनाव से पहले सपा में घमासान, मुस्लिम समाज पर टिप्पणी को लेकर दो गुटों में टकराव
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ही बीसलपुर विधानसभा में समाजवादी पार्टी में फूट पड़ गई है। दो गुटों के नेताओं में आपसी जुबानी जंग और टकरार शुरू हो गया है। विवाद मुस्लिम समाज पर कथित टिप्पणी और नगर अध्यक्ष को पद से हटाने को लेकर है, जिस पर पूर्व नगर अध्यक्ष तंजीव रजा और लोहिया वाहिनी के विधानसभा अध्यक्ष दुष्यंत गंगवार के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। विवाद इतना बढ़ गया है कि पूर्व नगर अध्यक्ष ने पार्टी का विरोध शुरू कर दिया और कार्रवाई न होने पर जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार को काले झंडे दिखाने की चेतावनी भी दे दी है।
दुष्यंत गंगवार पर टिप्पणी का आरोप
प्रेसवार्ता कर तंजीव रजा ने आरोप लगाया कि एक बातचीत के दौरान दुष्यंत गंगवार ने मुस्लिम समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनका कहना है कि विरोध करने पर दुष्यंत के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें हीं उल्टा नगर अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। तंजीव रजा ने जिलाध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए है। तंजीव रजा ने चेतवानी देते हुए कहा, कि दुष्यंत गंगवार के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उनके नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग जिलाध्यक्ष को काले झंडे दिखाएंगे। उन्होंने नगर कार्यकारिणी के सदस्यों के सामूहिक इस्तीफे की बात भी कही है।
दुष्यंत गंगवार ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, दुष्यंत गंगवार ने आरोपों को निराधार बताया हुए कहा कि तंजीव रजा लंबे समय से पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं थे। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव में भी संगठन का सहयोग नहीं किया। दुष्यंत ने सोशल मीडिया पर अनुचित पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि निष्क्रियता के कारण पार्टी ने तंजीव रजा को पद से हटाया है। उन्होंने मुस्लिम समाज पर अभद्र टिप्पणी करने से भी इनकार किया और कहा कि मुस्लिम समाज उनके साथ है। बलीउल्लाह को सपा का नया नगर अध्यक्ष बनाया गया है। उनके मुताबिक, लोहिया वाहिनी में भी मुस्लिम समाज के लोगों को जगह दी गई है। फिलहाल चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के नेताओं में आपसी फुट और जुबानी जंग चर्चा में है और इसका सीधा असर विधानसभा चुनाव पर भी दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में बेमौसम बारिश से भीगी धान की फसल, किसानों को नुकसान का डर