कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेताओं-कार्यकर्

पश्चिम बंगाल के कई स्थानों में परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

Political Violence

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेताओं-कार्यकर्ताओं को परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान कई जगह विरोध का सामना करना पड़ा। आसनसोल और बीरभूम में भाजपा कार्यकर्ताओं और टीएमसी के लोगों के बीच राज्य पुलिस और केंद्रीय बल की मौजूदगी में झड़प हुई। बनगांव में पुलिस ने भाजपा के नेताओं-कार्यकर्ताओं की परिवर्तन रथ यात्रा को यह कह कर रोका कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने कार्यक्रम की मंजूरी नहीं ली थी।

आसनसोल के बाराबानी में बढ़ा तनाव

बर्दवान जिले के आसनसोल से मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ताओं का परिवर्तन रथ यात्रा के तहत जुलूस जब आसनसोल के बाराबानी में पहुंचा तो टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताना शुरू किया। इसी बीच भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और मारपीट शुरू हो गई। वहां मौजूद पुलिस और केंद्रीय बल ने उन्हें रोका।

भाजपा का आरोप: लोकप्रियता से बौखलाई टीएमसी

भाजपा नेता जीतेंद्र तिवारी ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रम से आम लोगों में बढ़ रही लोकप्रियता को देख कर टीएमसी के कार्यकर्ता बौखला गए और उन्होंने बाधा डालने के मकसद से हमला किया। राज्य की पुलिस और केंद्रीय बल की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ और पुलिस ने हमलावरों पर कार्रवाई नहीं की।

टीएमसी का पलटवार

टीएमसी के प्रवक्ता सुदीप राहा का कहना है कि भाजपा पर हमलावर टीएमसी के कार्यकर्ता नहीं थे। वोटर लिस्ट में वोटरों का नाम कटने की वजह से लोगों में भाजपा और चुनाव आयोग के प्रति रोष है।

बीरभूम के दुबराजपुर में भी झड़प

बीरभूम के तहत दुबराजपुर में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। दुबराजपुर से शुक्रवार को परिवर्तन रथ यात्रा गुजरने वाली है। भाजपा के कार्यकर्ता उसका प्रचार कर रहे थे। टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने प्रचार कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका। प्रचार कर रहे भाजपा के वाहन में तोड़फोड़ की और बैनर व झंडे फाड़ दिए। तनाव की स्थिति है।

बनगांव में पुलिस ने रोका जुलूस

उत्तर 24 परगना के तहत बनगांव में स्थानीय पुलिस ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के जुलूस को रोक दिया। पुलिस का कहना है कि भाजपा ने जुलूस के लिए पुलिस प्रशासन से मंजूरी नहीं ली थी।

यह भी पढ़े: फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ मोदी की वार्ता

https://www.primenewsnetwork.in/india/india-finland-coopration-in-importent-field/147326