कानपुर के बरनाव गांव में पुल निर्माण स्थल पर विवाद, मारपीट में तीन मजदूर घायल होने का आरोप
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। घाटमपुर तहसील बरनाव गांव में सिंचाई विभाग के तहत बन रहे पुल की साइड पर मंगलवार दोपहर विवाद का मामला सामने आया है। साइड इंचार्ज विकास पुत्र रामभरोसे ने पतारा थाने में तहरीर दी है।
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की घटना
तहरीर के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे साइड पर लेबर काम कर रही थे। आरोप है कि गांव निवासी सुमित सेंगर पुत्र बलबीर सेंगर अपनी पिकअप से आए और पाइप पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे पाइप क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी फंस गई। इसके बाद गाली-गलौज और गाड़ी से लाठी निकालकर मारपीट का आरोप है। तहरीर में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और पंकज नाम के मजदूर के लापता होने की बात लिखी गई है। साथ ही मौके पर फोन कर अन्य लड़कों को बुलाकर मारपीट कराने और "मैं प्रधान का भतीजा हूं" कहकर धमकाने का भी आरोप है।
पुलिस को तहरीर दी जा चुकी है
इस मामले में ग्राम प्रधान पति सुरेश सिंह सेंगर ने रिश्तेदारी के आरोप से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सुमित सेंगर केवल गांव का निवासी है, उनका भतीजा नहीं है। गांव में लोग सम्मान में चाचा, बाबा कहते हैं, इससे रिश्तेदार नहीं बन जाते। घटना निंदनीय है और पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। बता दें कि पुलिस को तहरीर मिली है, जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है। तहरीर में लगाए गए सभी आरोप जांच का विषय हैं।
यह भी पढ़ेंः मोरवा-अनपरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आये बाइक सवार की मौत