चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव

चंदौली में कोचिंग के बाहर छात्र की चाकू मारकर हत्या, हिरासत में लिया गया आरोपी छात्र

Class 10 Student Stabbed to Death Outside Coaching Centre in Chandauli

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां कोचिंग सेंटर के बाहर दो छात्रों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

साथ पढ़ने वाले छात्रों के बीच कहासुनी बनी हत्या की वजह

जानकारी के अनुसार, मृतक लवकुश (16 वर्ष) निवासी प्रतापपुर और आरोपी छात्र दोनों कक्षा 10 के विद्यार्थी थे तथा एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे कोचिंग खुलने से पहले दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी छात्र ने लवकुश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार और सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया है कि मृतक पिछले तीन-चार दिनों से उसे लगातार गाली-गलौज कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

दिनदहाड़े हत्या से गांव और आसपास के इलाके में दहशत

दिनदहाड़े कोचिंग सेंटर के बाहर हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के कारणों की गहन जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: विशाखापत्तनम स्टील प्लांट ब्लास्ट: 8 मजदूरों की मौत पर NHRC ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर मांगी रिपोर्ट