शहर में 10वीं बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन एक छात्र

10वीं बोर्ड परीक्षा के आखिरी दिन छात्र की चाकू मारकर हत्या, उत्तर बताने से मना करने पर हमला

Class 10 Student Stabbed to Death Outside Exam Centre

दमोह। शहर में 10वीं बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार को परीक्षा केंद्र के बाहर उस समय हुई जब हिंदी का पेपर खत्म होने के बाद छात्र बाहर निकला था। घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

छह छात्रों ने घेरा, जांघ पर चाकू से हमला से नस कटी

पुलिस के अनुसार, इमलाई निवासी ऋषि अहिरवार (15) का परीक्षा केंद्र ओजस्विनी स्कूल में था। शुक्रवार को वह हिंदी का आखिरी पेपर देकर जैसे ही परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, पहले से घात लगाए खड़े 6 छात्रों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसकी दाईं जांघ पर चाकू से वार कर दिया, जिससे नस कट गई और अधिक खून बहने से उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ऋषि को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

आरोपी बना रहे थे उत्तर बताने का दबाव

बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर बताने का दबाव बना रहे थे। ऋषि ने उत्तर बताने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर पहले भी 27 फरवरी और 2 मार्च को उनके बीच विवाद हुआ था। अंतिम पेपर के दिन आरोपियों ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी छह नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

एनीमिया से पीड़ित था छात्र

जिला अस्पताल के डॉक्टर बहादुर पटेल के अनुसार छात्र पहले से ही गंभीर एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित था। चाकू लगने से उसकी नस कट गई और काफी खून बहने के कारण उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/no-work-no-pay-invalid-if-employee-is-willing-to-work/147728

काम करने का इच्छुक कर्मचारी पर 'नो वर्क नो पे' का नियम लागू नहीं