मध्य प्रदेश के सरई में स्कूल से घर लौट रही 11वीं क

डिंडौरी में स्कूल से लौट रही 11वीं की छात्रा का नाले से मिला शव, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Class 11 student's body found in drain in Madhya Pradesh; locals demand bridge

डिंडौरी (मध्य प्रदेश)। ​शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई की 11वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका प्रजापति (पिता समित कुमार प्रजापति) का शव चमारीडोल इलाके के नाले से बरामद हुआ है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्कूल से घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की थी खोजबीन

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका बीते कल स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर नहीं पहुंची थी। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी और सरई थाना पुलिस की टीम परिजनों के साथ पूरी रात छात्रा की खोजबीन में जुटी रही, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

नाला पार करते समय संतुलन बिगड़ने से हादसे की आशंका

​आज सुबह चमारीडोल क्षेत्र के नाले में छात्रा का शव फंसा हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि प्रियंका को स्कूल से घर पहुँचने के लिए रोज़ इस खतरनाक नाले को पार करना पड़ता था। आशंका जताई जा रही है कि नाला पार करते समय संतुलन बिगड़ने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

बुनियादी ढांचे की कमी पर उठे सवाल

​इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और बुनियादी ढांचे की पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर नाले पर पक्का पुल या सड़क बनी होती, तो प्रियंका की जान बच सकती थी। राह न होने के कारण रोज स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। घटना के बाद से चमारीडोल और आसपास के इलाके में भारी आक्रोश है और लोग पक्की सड़क व पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:   रायबरेली में उपेक्षा और तानों से तंग आकर पोते ने की थी वृद्ध बाबा की हत्या, पुलिस ने महज कुछ घंटों में किया खुलासा