बेगूसराय में निगरानी विभाग ने सदर अंचल कार्यालय के

बेगूसराय में मुआवजा राशि के बदले रिश्वत मांगने वाला क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल कार्यालय में पदस्थापित क्लर्क सोनू कुमार को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है। 

5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की

जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के चांदपुरा गांव निवासी दौलती देवी की बेटी रानी कुमारी की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। सरकार की ओर से मिलने वाली 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि जारी कराने के लिए फाइल आगे बढ़ाने की एवज में क्लर्क सोनू कुमार ने पीड़ित परिवार से 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

पूरे मामले की जांच कर रहा निगरानी विभाग

पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने 30 जुलाई को मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया। निगरानी विभाग के डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने जाल बिछाकर सदर अंचल कार्यालय में क्लर्क सोनू कुमार को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जाया गया। निगरानी विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

ये भी पढ़ें- रीवा में शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, कलेक्टर समेत अधिकारी एक बस से पहुंचे सुरवार शिविर