मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों और योजनाओं के लिए 16.88 करोड़ रुपये की दी वित्तीय स्वीकृति
देहरादून (उत्तराखंड)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव खड़ंजा एवं पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये और पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझेडा में संपर्क मार्ग के लिए 49.85 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत झाझरा, सुद्धोवाला और अन्य क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों व नाली निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
केदारनाथ, कोटद्वार और चंपावत के लिए विशेष वित्तीय स्वीकृतियां
मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील बसुकेदार के आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 12.26 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। साथ ही पौड़ी जिले के कोटद्वार में कण्वाश्रम में सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 31.90 लाख रुपये, पिथौरागढ़ के तौक भौरा फील्ड में सिंचाई गूल निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये और डीडीहाट के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
धर्मपुर और चंपावत में मंदिर जीर्णोद्धार व मेला क्षेत्र विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सेवलाकलां के संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त चंपावत जिले के चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र का अनुरक्षण, विश्राम शेड और पुलिया निर्माण कार्य कराए जाने के लिए 77.22 लाख रुपये की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
यह भी पढ़ें: अत्याचार से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को मिले समय पर न्याय और सुरक्षा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी