हल्द्वानी में CM पुष्कर सिंह धामी ने NKB Times का

हल्द्वानी में CM धामी ने किया NKB Times का शुभारंभ, बोले- स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता जरूरी

CM Dhami Launches NKB Times in Haldwani, Emphasises Independent Journalism

हल्द्वानी (उत्तराखंड)। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने NKB Times का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि NKB Times जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाएगा।

समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है पत्रकारिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और इसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि NKB Times अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा।

CM धामी ने बताया सबके राम का महत्व

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सबके राम की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को देते हैं एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती हैं।

उन्होंने कहा कि सबके राम का भाव समाज को जोड़ने, परस्पर सम्मान बढ़ाने और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

नमन कृष्ण महाराज ने भी रखे अपने विचार

कार्यक्रम में श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके मानवीय संदेशों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

NKB Times के शुभारंभ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या और राजेश शुक्ला तथा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा और रेणु अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

NKB Times की ओर से निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह और गणेश जोशी उपस्थित रहे। वहीं, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:   उत्तराखंड में देवभूमि परिवार पोर्टल लॉन्च, CM धामी ने विकसित उत्तराखंड विजन-2047 का किया विमोचन