अमरोहा को 207 करोड़ की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
लखनऊ,(उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अमरोहा में धनौरा एवं अमरोहा विधान सभा क्षेत्रों की 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किए।
द्वापर युग की स्मृतियां आज भी जीवन्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत कालीन पावन तीर्थ भूमि तिगरी से जुड़े हुए वासुदेव तीर्थ के नाम पर जनपद अमरोहा द्वापर युग की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखे हुए हैं। अमरोहा जनपद ने अपनी कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। जनपद अमरोहा के तबले और ढोलक ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना’ के माध्यम से अपनी नयी पहचान बनायी है। यहाँ के तबले की थाप कहीं भी बजती है, तो अमरोहा का नाम आता है। अमरोहा अब विकास के नये प्रतिमान स्थापित कर रहा है। हसनपुर में बन रहा पार्क औद्योगिक विकास को एक नई ऊँचाई देगा।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को दिया स्वीकृति पत्र
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की प्रतीकात्मक चाभी आदि का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा माताओं की गोदभराई की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह एवं मुरादाबाद के मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने अमरोहा के एक जनपद, एक उत्पाद योजना के अन्तर्गत चयनित ‘ढोलक’ भेंटकर सम्मानित किया।
अमरोहा को 207 करोड़ रुपये लागत की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात
इन परियोजनाओं में अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के लिए 35.195 करोड़ रुपये की 06 परियोजनाओं का शिलान्यास और 69.162 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। साथ ही, धनौरा विधानसभा के लिए 59.109 करोड़ रुपये की 05 परियोजनाओं का शिलान्यास और 44.026 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण सम्मिलित है।
अधिकारियों को गंगा को चैनलाइज करने निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरोहा में सुरक्षा, सुशासन का मॉडल है तथा समृद्धि बरसती हुई दिखायी देती है। गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएँ हैं। पिछले वर्ष यहाँ गढ़ और तिगरी मेले का आयोजन हुआ था। अधिकारियों को गंगा को चैनलाइज करने निर्देश दिए गए थे। तिगरी और गढ़ मेले को माघ मेले एवं कुम्भ मेले की तर्ज पर आयोजित किया जाए। सरकार तिगरी और गढ़ के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
2017 से पूर्व हर जिले में दंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व हर जिले में दंगे होते थे। बेटियाँ और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। उत्तर प्रदेश आज सुरक्षा का मॉडल दे रहा है। हर बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। सुरक्षा के साथ सुशासन आता है। सुशासन से समृद्धि आती। समृद्धि से निवेश आता है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होते हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सपने साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी के सपने को साकार कर रही है। विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर तबके को प्रदान कर रही है। आज जरूरतमन्दों को आवास, किसानों को कृषि उपकरण तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट का लाभ मिल रहा है। पशुपालकों को नंदनी योजना के तहत गौ-पालन के लिए सुविधा मिल रही है। डबल इंजन की सरकार में योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाती है। यही तो सुशासन का मॉडल है।
समाज के प्रत्येक तबके के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवान, किसान, बहन-बेटी, व्यापारी सहित समाज के प्रत्येक तबके के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित हैं। अब बेटी स्कूल जाती है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित परिवारों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय की सुविधा, गरीब और पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति की बेटियों के लिए कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। अब प्रदेश में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। गुणवत्ता युक्त शिक्षा व्यवस्था आगे बढ़ रही है। शिक्षकों को 05 लाख रुपये की कैशलेस सुविधा उपलब्ध करवायी गई है। शिक्षा मित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये तथा अनुदेशकों का मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये किया गया है।
विभिन्न गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, सांसद श्री कँवर सिंह तँवर, विधायक श्री राजीव तरारा, श्री महेन्द्र सिंह खड़गवंशी, विधान परिषद सदस्य सरदार हरि सिंह ढिल्लो सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
यह भी पढ़ेंः ताजमहल घूमने का बना रहे हैं प्लान? यात्रा से पहले जान लें ये जरूरी बातें