मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्भल में 569 करोड़

सम्भल को 569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

CM Launches 66 Development Projects Worth Over ₹569 Crore in Sambhal

लखनऊ,(उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में इण्टीग्रेटेड मुख्यालय भवन स्थल (नवीन कलेक्ट्रेट परिसर) में सम्भल एवं चन्दौसी विधान सभा क्षेत्रों की 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

परिसर में लगाया मौलश्री का पौधा

इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, आवासीय भूमि का पट्टा आदि का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा महिलाओं की गोदभराई की। मुख्यमंत्री ने परिसर में मौलश्री  के पौधे को लगाया।

भगवान गणपति भगवान श्रीराम की प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद सम्भल के चंदौसी में भगवान गणपति की 145 फीट और प्रभु श्रीराम की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जनपद सम्भल भगवान श्री हरि विष्णु की पावन धरा है। पूर्व में यहां के तीर्थों को नष्ट किया गया था। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने 68 तीर्थों के पुनरुद्धार एवं 19 कूपों को पुनर्जीवित करने का कार्य प्रारम्भ किया है। 24 कोसी परिक्रमा के कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत की गयी है।

प्रगति समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़क, रेल और वायु कनेक्टिविटी हमारी वर्तमान और भविष्य की प्रगति का आधार बनती है। यह प्रगति समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। यह विकास सम्भल में दिखाई देता है। यहां के प्रोडक्ट को आज वैश्विक मान्यता मिल रही है। यहां पर अच्छे विद्यालय बन रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सबका साथ-सबका विकास की बात कही है। प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक गरीब, किसान, नौजवान, महिला तक पहुंच रहा है। आज प्रत्येक लाभार्थी के खाते में पूरा पैसा सीधे जाता है।

विभिन्न गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जनपद के लिए 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। सम्भल प्रदेश ही नहीं, देश में एक मॉडल के रूप में तैयार होगा। इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जे0पी0एस0 राठौर, कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, विधान परिषद सदस्य श्री सत्यपाल सिंह सैनी, डॉ0 जयपाल सिंह व्यस्त सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः सीएम योगी करेंगे ₹200 करोड़ के अत्याधुनिक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मुख्यालय का लोकार्पण