‘देश ऐसे अपमानजनक बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगा’, खड़गे की टिप्पणी पर सीएम मोहन यादव ने मांगी माफी की मांग
बड़वानी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत द्वेष और आवेश में आकर दिए गए ऐसे बयानों को देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने खड़गे से तुरंत प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत परिवार के सदस्यों को भी राजनीतिक विवाद में घसीटने से नहीं हिचकिचाती। उन्होंने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा आज दिया गया बयान, मेरा मानना है कि उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए। व्यक्तिगत द्वेष और आवेश में आकर प्रधानमंत्री के पिता को लेकर दिए गए ऐसे अपमानजनक बयानों को देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। मैं इसकी कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।" यादव ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और आचरण में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा और सौजन्य का ध्यान रखा जाना चाहिए।
जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस का यह व्यवहार पूरे देश के सामने है और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सम्मानजनक भाषा और गरिमापूर्ण आचरण बनाए रखने को महत्वपूर्ण बताया। इस बीच, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश से उनकी कथित अशोभनीय टिप्पणी के लिए बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। बात करते हुए ठाकुर ने कहा कि इस तरह के बयान कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियापन का चरम रूप हैं। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी की संगत का असर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयानों में साफ नजर आ रहा है। ऐसी अशोभनीय टिप्पणी की जितनी भी निंदा की जाए, वो कम है। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के पिता के बारे में इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करना कांग्रेस पार्टी के वैचारिक दिवालियापन की पराकाष्ठा है। यह पार्टी पूरी तरह से विचारधारा से विहीन हो चुकी है।" ठाकुर ने आगे कहा, "देश से माफी मांगें। मोदी जी से माफी मांगी जानी चाहिए। देश ने अब कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा देख लिया है और उसकी स्थिति क्या हो चुकी है, यह भी देख लिया है।"
पटना में कार्यक्रम के दौरान हुई थी टिप्पणी
यह विवाद बिहार की राजधानी पटना में श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के समारोह के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के बीच एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए खड़गे ने कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा।" इसके बाद भाजपा नेताओं ने खड़गे के बयान की आलोचना की और उनसे माफी मांगने की मांग की। विवाद के बीच राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा और सार्वजनिक जीवन में गरिमा बनाए रखने का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
ये भी पढ़ें: खड़गे के बयान पर भड़के रविशंकर प्रसाद, बोले— प्रधानमंत्री पर ऐसी टिप्पणी शर्मनाक और अमर्यादित