देवास: हाटपीपल्या में 97.63 करोड़ की सड़क सौगात, CM मोहन यादव ने किया भूमिपूजन
देवास: हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के विकास को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजौदा-कैलोद-डबलचौकी मार्ग निर्माण कार्य मय विद्युतीकरण का भूमिपूजन किया। लगभग 31.74 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण 9762.78 लाख रुपये (लगभग 97.63 करोड़ रुपये) की लागत से कराया जाएगा। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के 72 गांवों की 70 हजार से अधिक आबादी को बेहतर, सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति: डॉ. मोहन यादव
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां चामुंडा, माता तुलजा भवानी एवं तेजाजी महाराज के जयकारों के साथ की। मुख्यमंत्री ने हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजौदा-कैलोद-डबलचौकी मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से 72 गांवों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
सड़क निर्माण की स्वीकृति की प्रदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक मनोज चौधरी की मांग पर क्षिप्रा-सुखलिया से टिकरिया तक सड़क निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की। इस सड़क से करीब 20 गांवों की 20 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। दोनों सड़क परियोजनाओं को क्षेत्र की कनेक्टिविटी और ग्रामीण विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
25 सितंबर से नवीन बसों का संचालन किया जाएगा प्रारंभ
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सभी वर्गों को साथ लेकर सर्वांगीण विकास के कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जमीन की निशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों और ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा को देखते हुए आगामी 25 सितंबर से नवीन बसों का संचालन भी प्रारंभ किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- BJP अध्यक्ष नितिन नबीन का यूपी दौरा: मेरठ-सहारनपुर में विपक्ष पर बरसे, योगी सरकार के विकास की तारीफ