महागठबंधन के घोषणा पत्र को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने दी प्रतिक्रिया, कहा - 'भ्रामक घोषणाएं...'
Bihar Assembly Elections 2025 : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा, जब 15 साल तक राज्य में उनकी सरकार थी तो उन्होंने युवाओं के हित में कोई काम नहीं किया और राज्य के खजाने को लूटने में व्यस्त रहे. सीएम नीतीश कुमार ने महागठबंधन के घोषणा पत्र को लेकर दी प्रतिक्रिया.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मेरा अनुरोध है कि आप किसी भ्रम में नहीं रहें. हमारी सरकार ने जो आपके लिए काम किए हैं, उसे याद रखिए. आगे भी हम लोग ही काम करेंगे. हम लोग जो कहते हैं, वह पूरा करते हैं.
उन्होंने कहा कि साल 2005 के पहले पलायन बिहार की नियति बन गई थी. बिहार के युवाओं को दूसरे राज्यों में रोजगार खोजना पड़ता था. युवाओं को बिहारी के नाम पर 'अपमान' झेलना पड़ता था.
'तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण का इंतजाम किया गया'
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब हम लोगों की सरकार बनी तो सबसे पहले हमने शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया. युवाओं के लिये रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण का इंतजाम किया गया. अब हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक की पढ़ाई हो रही है. राज्य में अनेक संस्थानों की स्थापना की गयी है जिसमें कई राष्ट्रीय स्तर के संस्थान भी शामिल हैं. यहां के छात्रों को अब मजबूरी में बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होती है, बल्कि अन्य राज्यों से छात्र यहां आकर पढ़ाई कर रहे हैं.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले नौकरियों के लिए भर्ती न के बराबर निकलती थी. अगर निकलती भी थीं तो नौकरी का सौदा हो जाता था. 2005 से पहले सरकारी कर्मियों का बुरा हाल था, न काम करने का माहौल था, न सुविधाएं थी और हर महीने वेतन और पेंशन भी नहीं मिलती थी.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/bihar-election-2025-grand-alliances-manifesto-released-many-big-promises/95706