'पाकिस्तान चाहे भी तो...', पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर बोले CM उमर अब्दुल्ला
CM Omar Abdullah : पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि आज का दिन हम सब पर बहुत भारी पड़ता है, क्योंकि आज के दिन पहलगाम में वो घटना घटी थी और आज हम उन तमाम शहीदों को याद करते हैं.
उन्होंने कहा कि "जो गोलियों के शिकार हुए जिनका कोई कसूर नहीं था. वो छुट्टियां मनाने आए थे और आतंकी ने उनको निशाना बनाकर उनकी कीमती जाने छीन ली. हम सब आज भी उनके गम में शामिल हैं. हमारी कोशिश होनी चाहिए कि उस तरह के हादसे कभी दोबारा न हो और उसके लिए हम सब मिलकर ये कोशिश करेंगे."
सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि "मैं तो इतना कहूंगा कि अगर इस तरह के हादसे, इस तरह के हमले पाकिस्तान चाहे भी तो हम इसे होने की इजाजत नहीं देंगे. यही हमारी कोशिश रहेगी. हमारी कोशिश है कि हालात ठीक रहें. ये सही है कि पिछले साल के मुकाबले अभी भी पहलगाम के हमले टूरिज्म पर थोड़ा बहुत असर रहा है. लेकिन जैसे जैसे सीजन बढ़ता जा रहा है, हमें उम्मीद है कि ठीक ठाक लोग जम्मू-कश्मीर आएंगे, चाहे माता के दर्शन के लिए, अमरनाथ जी के दर्शन करने के लिए या टूरिज्म के लिए."
भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकाने किए थे तबाह
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. जिसके तहत भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकाने तबाह किए थे. भारतीय सेना को 28 जुलाई को भी बढ़ी कामयाबी हासिल हुई थी. इसी दिन पहलगाम में लोगों को गोलियों से मारने वाले आतंकियों को ढेर कर दिया गया था.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/up-international-trade-show-2026-in-noida-sept-2529/176374