कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पुलिस

CM शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक

CM शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक

कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पुलिस अधिकारियों की बैठक कर राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर कार्रवाई करने के दिए निर्देश को पूरा करने बाबत पुलिस विभाग ने कवायद तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने 458 नए मामलों की जांच शुरू कर दी है। 181 एफआईआर दर्ज की गई है और उन 59 मामलों को फिर से खोला गया है, जिनकी अंतरिम रिपोर्ट दर्ज की गई है। 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामलों की जांच और उन्हें फिर से खोलने की प्रक्रिया चल रही है। 

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के पहले ही दिन पुलिस अधिकरियों की बैठक की थी और कहा था कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान या उसके बाद हिंसा की घटनाओं से पीड़ित व्यक्ति प्रमाण के साथ शिकायत दर्ज करा सकते हैं और पुलिस मिली शिकायतों की जांच कर कार्रवाई करेगी। पुलिस पहले से दर्ज मामलों की जांच करेगी, जिन पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कहा कि 2026 के पहले जिन लोगों के खिलाफ जबरन वसूली करने, जमीन हड़पने की शिकायत मिली, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस चुनाव के दौरान जिनके खिलाफ वोटरों को वोट देने से रोकने, धमकी देने, धमकाने और हिंसा की घटना करने की शिकायत मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई करने किसी भी तरह की कोताही नहीं हो। कोताही करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। इधर, टीएमसी सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बार हुए विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी के कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ हो रही हिंसा की घटना के मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस चुनाव के बाद टीएमसी के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर हमले किए जा रहे हैं। वे घर छोड़ने के लिए बाध्य हो रहे हैं। विधानसभा में अध्यक्ष के चुनाव के दिन भी विपक्षी दल के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने भी सदन में यह मुद्दा उठाया था।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/approval-given-for-formation-of-backward-commission-for-reservation-in-panchayat/205924