मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और क

जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा, वे ही कर रहे राम मंदिर का विरोधः मुख्यमंत्री

CM Targets Opponents Over Ram Temple Remarks

बांदा {उत्तर प्रदेश}: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दोनों सरकारों के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की विरासत का अपमान करते हैं और हिंदू परंपरा व सनातन को कोसना ही उनका उद्देश्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास पर काम कर रही है, जबकि पहले यही पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था। उन्होंने कहा कि जो लोग राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य धाम के विकास का विरोध करते हैं, उनकी सोच नकारात्मक है।

710 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र के लिए 710 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए इसका श्रेय जनता और जनप्रतिनिधियों को दिया। सीएम योगी ने कहा कि करीब साढ़े नौ वर्ष पहले बुंदेलखंड पिछड़ेपन, पलायन, पानी की कमी, डकैतों और माफियाओं के आतंक से जूझ रहा था। किसानों में भय का माहौल था और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड में विकास कार्यों की नई तस्वीर दिखाई दे रही है और सरकार क्षेत्र को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने कनेक्टिविटी, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के सपनों को साकार करने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भूमाफिया, डकैत और अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, जबकि अब बिना भेदभाव सभी वर्गों तक सरकारी योजनाएं पहुंच रही हैं।

कानून व्यवस्था पर दिया सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार तुष्टिकरण की नीति पर नहीं चलती और उपद्रव, गुंडागर्दी तथा अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने बांदा में विकसित हो रहे पार्कों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और कालिंजर किले का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा का भी जिक्र किया।

ब्रह्मोस और डिफेंस कॉरिडोर का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस मिसाइल देश की सैन्य शक्ति का प्रतीक है और बुंदेलखंड अब रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। सीएम योगी ने कहा कि बांदा के विधायक विकास कार्यों में रुचि लेते हैं, जबकि बबेरू के विधायक पर उन्होंने विकास की बजाय गरीबों को प्रताड़ित करने और उनकी जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्तियों पर रोक लगाना जरूरी है।

64 हजार एकड़ जमीन माफियाओं से कराई मुक्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2017 के बाद अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर माफियाओं से 64 हजार एकड़ जमीन खाली कराई। उन्होंने कहा कि अब इन जमीनों पर निवेश हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।सीएम ने बांदा के प्रसिद्ध 'शजर' पत्थर की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) विजन के कारण स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है और अब बड़ी कंपनियां भी शजर पत्थर की मांग कर रही हैं।

बुंदेलखंड को औद्योगिक हब बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित कर रही है और बीडा के माध्यम से बुंदेलखंड को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश और दुनिया के युवा रोजगार के लिए बुंदेलखंड का रुख करेंगे। इस अवसर पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोकनिर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, विधायक प्रकाश द्विवेदी, ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी, जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मालती गुप्ता 'बासू', भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़े: मोतिहारी में बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार