77वें गणतंत्र दिवस पर उज्जैन में बना इतिहास, मुख्यमंत्री ने शिप्रा तट पर फहराया तिरंगा
उज्जैन। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उज्जैन में ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। शिप्रा नदी के तट पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह पहली बार है जब प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री ने शिप्रा तट पर तिरंगा फहराया। वहीं, भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया।
खास रहा समारोह
उज्जैन में यह गणतंत्र दिवस का दूसरा आयोजन रहा, लेकिन स्थान और आयोजन की भव्यता के कारण यह समारोह खास बन गया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों व झांकियों का अवलोकन किया।
उज्जैन और शिवपुरी में बनेंगे नए एयरपोर्ट
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम ऐलान किए। उन्होंने कहा कि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश में तीन नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने की घोषणा भी की गई।
देशभक्ति का रहा माहौल
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल रहा और लोगों ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को धार्मिक नगरी के साथ-साथ विकास का भी प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा और मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-wheat-procurement-2026-registrations-open-feb-7/130632