आखिरी मौके पर स्थगित हुआ CM विष्णुदेव साय का रामपुर दौरा, राम जानकी मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियां धरी रह गईं
कोरबा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शनिवार को कोरबा जिले के रामपुर में प्रस्तावित दौरा अचानक ऐन वक्त पर स्थगित कर दिया गया। सीएम आगमन के कुछ ही घंटे पहले कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलते ही आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हफ्ते भर से चल रही जोरदार तैयारियों के बीच जब टेंट और कुर्सियां समेटी जाने लगीं, तो कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीण और श्रद्धालु मायूस होकर वापस लौटने लगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को रामपुर पहुंचने वाले थे। यहां मुस्लिम कब्रिस्तान के पास नवनिर्मित होने वाले भव्य राम जानकी मंदिर के भूमिपूजन समारोह का आयोजन रखा गया था। इस धार्मिक व सामाजिक आयोजन को लेकर बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही थीं। स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजक और ग्रामीण कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए थे।
सीएम के दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक व सुरक्षा स्तर पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। सीएम के उड़नखटोले की लैंडिंग के लिए रामपुर स्थित हाई स्कूल मैदान में बाकायदा हेलीपैड का निर्माण कराया गया था। शनिवार सुबह से ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के आला अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मुस्तैद थे। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और सभी कर्मियों की ड्यूटी तय कर दी गई थी। मंच सज चुका था, टेंट, माइक और कुर्सियां व्यवस्थित कर दी गई थीं।
सीएम का दौरा स्थगित होने से ग्रामीण मायूस
शनिवार सुबह से ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग और श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे थे। लोग सीएम के स्वागत और मंदिर के भूमिपूजन का गवाह बनने के लिए उत्साहित थे। इसी बीच सीएम के आगमन से कुछ घंटे पहले अपरिहार्य कारणों से दौरा स्थगित होने का आधिकारिक संदेश आ पहुंचा। दौरा रद्द होने की सूचना मिलते ही व्यवस्था संभालने में जुटे कर्मचारी टैंट, माइक और कुर्सियां समेटने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब यह नजारा देखा तो मायूस होकर लौटने लगे।
ये भी पढ़ें- बैतूल के कुकरू में बढ़ेगी कॉफी की खेती, किसानों की आय और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा