गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने र

परेशान मत हों, हर समस्या का कराएंगे प्रभावी समाधान: मुख्यमंत्री योगी

CM Yogi: Every Problem Will Be Solved Effectively

गोरखपुर: गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित अनुष्ठान ‘जनता दर्शन’ का क्रम जारी रखा। रविवार को भी उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आत्मीय भरोसा दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि परेशान मत हों, हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान शीघ्रता और पारदर्शिता से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खुद लोगों तक पहुंचे मुख्यमंत्री

रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और सभी को आश्वस्त किया कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को न्याय दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

बोले- किसी के साथ नहीं होना चाहिए अन्याय

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी सहायता की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Caption

इलाज के लिए मदद का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराकर शासन में उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।

बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा

जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी दी।

भोलू को दुलारकर बोले सीएम- कैसा हमेशा गुस्से में रहता है

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान रविवार सुबह जनता दर्शन के जरिए जनसेवा करने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की। मंदिर की गोशाला में रूठे हुए नजर आ रहे भोलू नाम के एक नंदी को सीएम योगी ने स्नेहिल भाव से खास तौर पर दुलारा। उन्होंने हाथ में गुड़-रोटी लेकर भोलू को पुकारा और कहा, "कैसा हमेशा गुस्से में रहता है।" गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री ने भोलू सहित अन्य गोवंश और गायों को रोटी-गुड़ खिलाया।

यह भी पढ़ें: मुंगेर में दरवाजा बंद करने और कूड़ा फैलाने से रोका तो युवक ने महिला के पेट में घोंपा चाकू