गोरखपुर में त्योहारों की व्यस्तता के बीच जनता दर्शन में पहुंचे सीएम योगी, 200 लोगों की सुनीं समस्याएं
गोरखपुर: शारदीय नवरात्र और विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में लगातार तीन दिन आनुष्ठानिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बावजूद आराम करने की बजाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह जन समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन किया। लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सबकी समस्या का समाधान करते हुए जन कल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। सरकार के इस संकल्प के अनुरूप हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री योगी
बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि जमीन-जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक हो, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से निस्तारण कराया जाए।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता के निर्देश
राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को मुख्यमंत्री ने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग किन्हीं कारणों से सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए। मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कुछ लोग उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उपचार के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने आवश्यक निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: भदोही में दुर्गा विसर्जन के दौरान पटाखों में भीषण विस्फोट, वृद्ध महिला समेत 7 झुलसे; दो की हालत गंभीर