सीएम योगी ने जापानी निवेशकों से यूपी में निवेश का किया आह्वान, हर स्तर पर सहयोग का भरोसा
नई दिल्ली। नई दिल्ली में 19 अगस्त को आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं के साथ राउंडटेबल बैठक की। उन्होंने राज्य में निवेश के प्रति उद्योग जगत की रुचि के लिए उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘360 डिग्री ट्रांसफॉर्मेशन’ हुआ है। इस बदलाव ने प्रदेश को भारत के प्रमुख और संभावनाशील निवेश गंतव्यों में शामिल किया है।
निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में निवेश करने वाले उद्यमियों और कंपनियों को हरसंभव सहयोग देगी। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश में आकर अपने औद्योगिक और कारोबारी संचालन का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और उसकी पूरी टीम प्रदेश में कारोबार के अनुकूल तथा निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निवेशकों के सुझावों पर सरकार करेगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने इन्वेस्टमेंट मीट में शामिल प्रमुख उद्योगपतियों और सीईओ की ओर से जताई गई रुचि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की टीम ने निवेशकों की ओर से दिए गए सुझावों को गंभीरता से लिया है। सीएम योगी ने कहा कि निवेशकों के सुझावों और अपेक्षाओं पर विचार किया जाएगा तथा सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
युवा मैनपावर और स्किलिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा मानव संसाधन उपलब्ध है। सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इससे निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन को लगातार मजबूत कर रही है।
सरल और पारदर्शी होगी निवेश प्रक्रिया
सीएम योगी ने कहा कि सरकार निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए काम कर रही है। इसका उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें उद्यमी सरकारी प्रक्रियाओं के बजाय अपने कारोबार के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर सकें। उन्होंने कहा कि निवेशकों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं मौजूद हैं और पूरी सरकारी मशीनरी उनके सहयोग के लिए तैयार है।
नौ वर्षों के बदलाव का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि अपने वादों को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निवेशकों से पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए बदलाव को देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक वातावरण और निवेश-अनुकूल नीतियों में सुधार से उत्तर प्रदेश की नई छवि बनी है। सरकार के काम करने के तरीके और दृष्टिकोण में आया बदलाव भी निवेशकों को दिखाई दे रहा है।
निवेश से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट को प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश क्षमता के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से सरकार को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने में मदद मिलती है, जबकि निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं की जानकारी मिलती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में प्रमुख औद्योगिक समूहों की बढ़ती रुचि से नए निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने और राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े: 44 लाख का गांजा जब्त, सूरजपुर पुलिस ने बोलेरो से 88 किलो 430 ग्राम गांजा पकड़ा