सीएम योगी से मिली बलिया की दिव्यांग बेटी रागिनी, इलाज, पढ़ाई और आवास में मदद का मिला भरोसा
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग छात्रा रागिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की, जहां सीएम ने उसके इलाज, पढ़ाई और परिवार की जरूरतों को लेकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रागिनी को पहले ही स्कूल आने-जाने के लिए दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। अब उसके ऑपरेशन और इलाज का खर्च उठाने के साथ परिवार को आवास और गांव की खराब सड़क को दुरुस्त कराने की व्यवस्था का भी आश्वासन दिया गया है। रागिनी की मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उसके माता-पिता और बलिया की विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मिलीं दो ट्राइसिकल
रागिनी ने स्कूल आने-जाने के लिए ट्राइसिकल की मांग की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बलिया के जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराईं। अब मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रागिनी के इलाज, शिक्षा और परिवार के लिए आवास की व्यवस्था को लेकर भी भरोसा दिया गया।
ऑपरेशन का खर्च उठाने का मिला भरोसा
रागिनी की मां बबिता ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के पैर में दिक्कत है और इसी समस्या को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च उठाने और ऑपरेशन की व्यवस्था कराने की बात कही है। उन्होंने गांव की खराब सड़क बनवाने और ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के लिए भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
सड़क हादसे में हुआ था पैर फ्रैक्चर
रागिनी के पिता देवेंद्र ने बताया कि कई साल पहले उनकी बेटी का सड़क हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था। मुख्यमंत्री ने इलाज के साथ-साथ आवास और पढ़ाई में भी मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने विधायक केतकी सिंह का भी आभार जताया, जिनके प्रयास से परिवार की मुख्यमंत्री से मुलाकात हो सकी।
वीडियो का संज्ञान लेकर सीएम ने दिए थे निर्देश
भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं संज्ञान लिया और जिलाधिकारी व संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाए जाने, ऑपरेशन की व्यवस्था, परिवार को आवास उपलब्ध कराने और घर के पास की खराब सड़क को ठीक कराने की बात कही है।
पढ़ाई जारी रखने के लिए भी मदद का भरोसा
केतकी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रागिनी की पढ़ाई जारी रखने के लिए भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। विधायक के अनुसार, यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है। रागिनी और उसके परिवार ने मुख्यमंत्री की पहल के लिए आभार जताया है।
यह भी पढ़े: योगी सरकार ने लॉन्च किए धारा 116, EWS और सरलीकृत खतौनी पोर्टल