मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम योगी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दी ₹38.49 करोड़ की सौगात

CM Yogi Transfers Funds and Announces Benefits for Anganwadi Workers

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अनेक सौगातें दीं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सशक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डीबीटी के माध्यम से कुल 38.49 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। सीएम योगी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का भी वादा किया। प्रदेश सरकार अपनी योजनाओं और नीतियों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी/यूनिफॉर्म की सौगात

प्रदेश सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साड़ी/यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी के माध्यम से 29.59 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। सीएम योगी ने मंच पर नेहा दुबे, मानसी साहू, पूनम तिवारी, मनोरमा मिश्रा को साड़ी प्रदान की। सेवा मित्र आकांक्षा (ब्यूटीशियन) और रत्ना भारती को यूनिफॉर्म प्रदान किया। महिला सशक्तीकरण के तहत यह बड़ी पहल है, जिसका उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें कार्यस्थल पर एक विशिष्ट पहचान प्रदान करना है। लखनऊ के रानीगंज निवासी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मानसी साहू ने कहा- 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला दिवस पर हम लोगों के लिए साड़ी/यूनिफॉर्म की व्यवस्था की है। हम उनके इस फैसले से बहुत प्रसन्न हैं। योगी सरकार हम लोगों की हर समस्या को गंभीरता से सुनती और उसके समाधान के लिए काम करती है। यूनिफॉर्म के लिए योगी सरकार हमें धनराशि उपलब्ध करा रही है जो इसे अन्य सरकारों से अलग करती है।' आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका इस बात से उत्साहित हैं कि योगी सरकार उनका मानदेय बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील है सरकार

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और उनके योगदान की सराहना के रूप में योगी सरकार ने उन्हें साड़ी/यूनिफॉर्म का उपहार प्रदान किया। यह पहल न केवल उनके कार्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों की गरिमा और एकरूपता को भी मजबूत करती है। साड़ी/यूनिफॉर्म मिलने से कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ है। आंगनवाड़ी सहायिका पूनम तिवारी सरकार की इस सौगात से काफी खुश नजर आईं। उन्होंने सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पहले की सरकारें हम लोगों के बारे में बिल्कुल नहीं सोचती थीं लेकिन अब योगी सरकार हर मोर्चे पर हमारा साथ दे रही है। 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बीमा प्रीमियम की धनराशि हस्तांतरित

योगी सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बीमा प्रीमियम की 8.90 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसके द्वारा सरकार का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आर्थिक सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए उन्हें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा गया है। 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत किसी भी कारण से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है, जिसका वार्षिक प्रीमियम 436 रुपये है। वहीं 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थायी विकलांगता होने पर 2 लाख रुपये तथा आंशिक स्थायी विकलांगता पर 1 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है, जिसका वार्षिक प्रीमियम 20 रुपये है। इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों का प्रीमियम डीबीटी के माध्यम से सीधे भुगतान किया जाता है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/us-and-israel-weigh-military-plan-to-seize-irans-enriched-uranium/147984

ईरान के यूरेनियम स्टॉक पर कब्जा को लेकर फोर्स भेजने पर विचार