CMO ने अध्यक्ष पति और भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर से शिकायत
डिंडौरी (मध्यप्रदेश)। नगर परिषद शहपुरा में प्रशासनिक विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। नगर परिषद की सीएमओ रीना राठौर ने कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को 5 जून को लिखित शिकायत सौंपकर नगर परिषद अध्यक्ष के पति अरुण अग्रवाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष मोंटू लाल चक्रवर्ती पर कार्य में हस्तक्षेप, दबाव बनाने और शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद नगर की राजनीति और परिषद के कामकाज को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दबाव और मानसिक प्रताड़ना के आरोप
सीएमओ ने शिकायत में कहा है कि दोनों नेताओं द्वारा लगातार दबाव बनाकर विभिन्न कार्यों और भुगतानों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालयीन निर्णयों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जाता है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सीएमओ का यह भी कहना है कि मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उन्हें स्वतंत्र रूप से कार्य करने में कठिनाई हो रही है।
कामकाज, भुगतान और नियुक्तियों पर सवाल
शिकायत में कई निर्माण कार्यों, भुगतान प्रक्रियाओं और सफाई व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया है। सीएमओ ने आरोप लगाया कि बिना नियमानुसार प्रक्रिया पूरी किए कुछ कार्यों के भुगतान कराने का दबाव बनाया गया। वहीं नगर परिषद में कर्मचारियों की नियुक्ति और अन्य प्रशासनिक निर्णयों को लेकर भी दबाव की बात कही गई है।
अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि नगर विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं जिन्हें व्यक्तिगत विवाद का रूप दिया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद नगर परिषद की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कलेक्टर स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद अब पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका