उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विका

UP में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए कोल इंडिया, यूपीआरवीयूएनएल के बीच समझौता

Coal India, UPRVUNL ink pact for green energy in UP

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) ने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास के लिए संयुक्त उपक्रम समझौते (Joint Venture Agreement) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता यूपीआरवीयूएनएल के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी तथा कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आशीष कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के पीएसयू प्रमुख सुबोध दीक्षित और कोल इंडिया लिमिटेड व यूपीआरवीयूएनएल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रणनीतिक साझेदारी से होगा स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार

यह रणनीतिक साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को तेज़ करने और प्रदेश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड और प्रदेश की प्रमुख विद्युत उत्पादन कंपनी यूपीआरवीयूएनएल मिलकर विश्वस्तरीय नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना विकसित करेंगे, जो उत्तर प्रदेश की बढ़ती विद्युत आवश्यकताओं को टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्योन्मुख समाधान उपलब्ध कराएगी।

संयुक्त उद्यम कंपनी का किया जाएगा गठन 

समझौते के तहत एक नई संयुक्त उद्यम कंपनी (Joint Venture Company) का गठन किया जाएगा। जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड की 51 प्रतिशत तथा यूपीआरवीयूएनएल की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह कंपनी ग्राउंड-माउंटेड सोलर, फ्लोटिंग सोलर, रूफटॉप सोलर, पवन ऊर्जा, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं सहित पारस्परिक सहमति से तय अन्य स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य करेगी।

नवीकरणीय ऊर्जा से कार्बन उत्सर्जन में कमी

यह साझेदारी कोल इंडिया लिमिटेड की वित्तीय क्षमता, परियोजना क्रियान्वयन दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable energy) विशेषज्ञता को यूपीआरवीयूएनएल के विद्युत उत्पादन अनुभव एवं उत्तर प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की गहरी समझ के साथ जोड़ती है। दोनों संस्थाएं मिलकर सौर, पवन, फ्लोटिंग सोलर और पंप्ड स्टोरेज जैसी उच्च गुणवत्ता वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का विकास करेंगी, जिससे राज्य में विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता और कार्बन उत्सर्जन में कमी सुनिश्चित होगी। 

सतत आर्थिक विकास को मिलेगा गति

यह संयुक्त उपक्रम उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और सतत आर्थिक विकास को गति देगा। कोल इंडिया स्वच्छ ऊर्जा निवेश के माध्यम से एक एकीकृत ऊर्जा कंपनी के रूप में आगे बढ़ रही है, जबकि यूपीआरवीयूएनएल प्रदेश में विश्वसनीय एवं किफायती विद्युत आपूर्ति तथा हरित ऊर्जा अवसंरचना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यह भी पढ़े:    यूपी में आबकारी विभाग का नया रिकॉर्ड: जून में 16.05% बढ़ा राजस्व, 2.56 लाख लीटर अवैध शराब बरामद