रेसीडेंसी कोठी के किचन में मिले 'काकरोच व कीड़े', भड़के राज्यपाल ने लंच से किया इन्कार
इंदौर। शहर में प्रशासन की एक बहुत बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल के इंदौर प्रवास के दौरान उनकी सुरक्षा और खान-पान की तैयारियों में गंभीर चूक पाई गई। जिस रेसीडेंसी कोठी में राज्यपाल ठहरे हुए थे, वहां की रसोई (किचन) में भारी गंदगी और कीड़े-मकोड़े मिलने से हड़कंप मच गया।
दो दिवसीय दौरे पर थे राज्यपाल
राज्यपाल मंगूभाई पटेल अपने दो दिवसीय दौरे पर इंदौर में थे। जब उनके भोजन की तैयारी चल रही थी, तब रेसीडेंसी कोठी के किचन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां की स्थिति देख हर कोई हैरान रह गये। किचन में चारों तरफ गंदगी पसरी हुई थी। खाने के बर्तनों और स्लैब पर काकरोच और कीड़े रेंगते हुए पाए गए। भोजन बनाने के लिए रखी गई कुछ सामग्री भी सड़ी हुई मिली।
राज्यपाल की नाराजगी और कार्रवाई
यह बात जैसे ही राज्यपाल तक पहुंची, उन्होंने प्रशासन की इस घोर लापरवाही पर कड़ा एतराज जताया। राज्यपाल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वहां तैयार किया गया दोपहर का भोजन (लंच) करने से साफ मना कर दिया। इस घटना ने वीवीआईपी (VVIP) प्रोटोकॉल और स्वच्छता दावों की पोल खुल गई।
कलेक्टर व एडीएम तलब किये गये
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा और एडीएम रोशन राय को तुरंत तलब किया गया। दोषी कर्मचारियों और किचन की देखरेख करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि इतने महत्वपूर्ण स्थान पर स्वच्छता मानकों की अनदेखी कैसे हुई।
स्वच्छ शहर की और बिगड़ी छवि
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इंदौर लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त कर रहा है। सरकारी गेस्ट हाउस में इस तरह की गंदगी मिलना शहर की छवि पर भी सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़े: गूगल निवेश $15 अरब, विशाखापत्तनम एआई हब
https://www.primenewsnetwork.in/state/google-invests-15b-vizag-to-be-ai-hub/144465