आनंदपुर धाम में चल रहा सेक्स रैकेट, अशोकनगर में 3 IAS कर रहे काला धन सफेद: कांग्रेस
भोपाल/अशोकनगर। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आनंदपुर धाम में वर्षों से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और यहां युवकों का शोषण किया जा रहा है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि यह पूरा मामला एक बड़े सेक्स रैकेट और अवैध धन के लेन-देन से जुड़ा है।
निष्पक्ष जांच ना होने पर कंग्रेस विधानसभा तक उठाएगी मुद्दा
प्रदीप अहिरवार ने दावा किया कि आनंदपुर धाम से जुड़े मामलों में जिले के तीन IAS अधिकारी काले धन को सफेद करने में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास वीडियो और अन्य सबूत मौजूद हैं, जिन्हें समय आने पर सार्वजनिक किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आनंदपुर ट्रस्ट की आड़ में लंबे समय से गैरकानूनी गतिविधियां चलाई जा रही हैं, लेकिन प्रशासन जानबूझकर आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार ने निष्पक्ष जांच नहीं कराई, तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी।
CBI या हाईकोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि आनंदपुर धाम और ट्रस्ट की CBI या हाईकोर्ट की निगरानी में जांच कराई जाए, साथ ही आरोपित अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई हो। फिलहाल इस मामले में प्रशासन या आरोपित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/fake-currency-scam-targets-beggars-at-kubereshwar-dham/105659