किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर भिड़े कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में नगर पालिका परिषद चुनाव के दौरान मंगलवार को स्ट्रांग रूम के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की मौजूदगी में दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए।
कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायक आपस में भिड़े
किच्छा से कांग्रेस विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि शुक्ला ने उनके और कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के साथ मारपीट की। किच्छा नगर पालिका के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेहड़ स्थिति का जायजा लेने के लिए स्ट्रांग रूम पहुंचे थे, जहां मतपेटियां लाई जानी थीं। वहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए गए पर्दे को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई और मौके पर बैठ गए। इसी दौरान पूर्व विधायक शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए।
स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के बाद विधायक बेहड़ वहीं धरने पर बैठ गए। हालांकि, बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने पर समर्थक उन्हें घर ले गए। वहीं, इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक शुक्ला ने भी कांग्रेस खेमे पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और वहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- हरिद्वार में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन, धामी बोले- भारतीय ज्ञान परंपरा को मिलेगा नया विस्तार