कांग्रेस नेता इंदुजा बालमूरी की KTR के खिलाफ शिकायत, तस्वीरों से छेड़छाड़ और जाति के आधार पर निशाना बनाने का आरोप
हैदराबाद (तेलंगाना): कांग्रेस नेता इंदुजा बालमूरी ने हैदराबाद के पुलिस आयुक्त के पास भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) और उनसे जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इंदुजा ने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया और उनकी शादी को लेकर उन्हें निशाना बनाया गया। इंदुजा इंडियन यूथ कांग्रेस की प्रदेश महासचिव हैं। वह कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (MLC) और सरकारी सचेतक वेंकट बालमूरी की पत्नी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति के साथ ली गई तस्वीरों को भ्रामक दावों के साथ साझा किया जा रहा है, जिससे उनकी पहचान और रिश्ते को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
शादी के बाद ऑनलाइन ट्रोलिंग का आरोप
ANI से बातचीत में इंदुजा ने दावा किया कि छह महीने पहले शादी के बाद से उन्हें और उनके पति को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और अपमान का सामना करना पड़ा है। उनके मुताबिक, यह विवाद दोनों की अलग-अलग जातियों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “आज हमें बहुत सारे सोशल मीडिया ट्रोल्स ने बुरा-भला कहा और बेइज्जत किया, क्योंकि हमारी शादी छह महीने पहले हुई थी।” इंदुजा ने आरोप लगाया कि KTR को उनकी शादी से आपत्ति है और उन पर जाति के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि BRS नेता वेलामा समुदाय का पक्ष लेते हैं।
प्री-वेडिंग तस्वीरों को गलत तरीके से पेश करने का दावा
इंदुजा ने आरोप लगाया कि गोवा में उनके प्री-वेडिंग शूट की तस्वीरों को इस तरह से पेश किया गया, जिससे लगे कि उनके पति किसी दूसरी महिला के साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उनके पति के कथित अन्य संबंधों को लेकर भ्रामक बातें फैलाई गईं। उन्होंने कहा, “तस्वीरों को इस तरह मॉर्फ किया गया, जैसे वह किसी और को किस कर रहे हों। दावा किया गया कि उनके कई अफेयर थे, जबकि उस तस्वीर में मैं ही उनके साथ थी। हम दोनों ने गोवा में प्री-वेडिंग शूट किया था।” इंदुजा ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पति को अपमानित करने के लिए पुरानी तस्वीरों और निजी मामलों को सार्वजनिक किया जा रहा है।
युवाओं से सामने आकर आवाज उठाने की अपील
सोशल मीडिया पोस्ट के प्रभाव के बारे में बात करते हुए इंदुजा ने कहा कि शादी खुशी का अवसर होना चाहिए, लेकिन उन्हें और उनके पति को जातिगत अंतर के कारण अपमान झेलना पड़ा। उन्होंने ऐसे ही हालात का सामना कर रहे युवाओं से भी अपनी बात सामने रखने की अपील की। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरों का इस्तेमाल लोगों को डराने और शर्मिंदा करने के लिए किया जा रहा है। इंदुजा ने कहा, “मुझे लगता है कि हर Gen Z लड़की या लड़के को, जो इस समस्या का सामना कर रहा है, इसके बारे में पता होना चाहिए, क्योंकि मैं इस तरह सामने आने वाली पहली व्यक्ति थी।” फिलहाल, ये आरोप इंदुजा बालमूरी की ओर से लगाए गए हैं।
(ANI)
ये भी पढ़ें: नागपुर MLC चुनाव: कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने BJP के सुधाकर कोहाले को 3,271 वोटों से हराया