दून पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी मामले में फरार कांग्रेस

भूमि धोखाधड़ी मामले में कांग्रेस नेता और बेटे समेत तीन आरोपी फरार, कोर्ट के आदेश पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी

Congress Leader, Son Among 3 Absconding in Land Fraud Case

देहरादून : भूमि धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता और उसके बेटे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। पुलिस ने आरोपियों के घरों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए।

तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट का आदेश

पुलिस के मुताबिक, भानु प्रकाश भट्ट निवासी बनगांव, हाल निवासी केसर वाला ने थाना रायपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी ने मजरा जॉलियो में सवा बीघा भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए।

जमीन बेचने का लगाया आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उक्त भूमि को उसे और अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।

घरों और प्रमुख स्थानों पर चस्पा किए नोटिस

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत उनके खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश होने की सूचना दी। साथ ही उनके घरों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए गए। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय के आदेश के तहत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

यह भी पढ़े: स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, दक्षिणी क्षेत्र में 1,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात