मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण का कांग्रेस ने किया विरोध, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन
वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: महानगर कांग्रेस कमेटी ने वाराणसी में प्रस्तावित मतदान केंद्रों के स्थानांतरण पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जिला निर्वाचन प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम (प्रशासन) पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपा।
मतदान केंद्र बदलने पर जताई आपत्ति
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील विषय है। वर्षों से संचालित मतदान केंद्रों को बिना स्पष्ट कारण बदले जाने से मतदाताओं को असुविधा होगी और मतदान प्रतिशत पर भी असर पड़ सकता है।
पुराने मतदान केंद्र यथावत रखने की मांग
कांग्रेस ने मांग की कि सभी पुराने मतदान केंद्र यथावत रखे जाएं। यदि किसी केंद्र का स्थानांतरण आवश्यक हो तो उसका कारण सार्वजनिक किया जाए और अंतिम निर्णय लेने से पहले स्थानीय नागरिकों व सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव लिए जाएं।
मतदाताओं की सुविधा को बताया प्राथमिकता
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और प्रत्येक मतदाता को बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के अचानक बदलने से सबसे अधिक परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को होगी। इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुगमता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
जनहित में निर्णय लेने की अपील
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की पक्षधर है। जिला निर्वाचन प्रशासन को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और संविधान की भावना के अनुरूप केवल जनहित और मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेना चाहिए। यदि मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी कर मतदान केंद्रों का स्थानांतरण किया गया तो कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर इसका विरोध करेगी।
यह भी पढ़े: भारी बारिश से बढ़ा चिनाब नदी का जलस्तर, बगलिहार बांध के तीन गेट खोले गए