किच्छा में कांग्रेस विधायक के साथ हुई कथित मारपीट

किच्छा घटना पर भड़की कांग्रेस, विकासनगर में फूंका पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का पुतला

Congress Protests In Vikasnagar, Burns Effigy Over Kichha Clash

विकासनगर (देहरादून)। किच्छा नगर पालिका चुनाव की मतगणना से संबंधित स्टॉक रूम के निरीक्षण के दौरान कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में बुधवार को विकासनगर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पहाड़ी गली चौक पर एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और सरकार पर तीखा निशाना साधा।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ मतगणना स्थल के स्टॉक रूम का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। मंडी समिति के पूर्व सभापति एवं कांग्रेस नेता विपुल जैन ने भी कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें:   हरिद्वार: सप्तऋषि क्षेत्र में कुंभ तैयारियों का जायजा, दिसंबर तक पूरा होगा सड़क सुधार कार्य