बैतूल विधानसभा क्षेत्र की आठनेर नगर परिषद में कथित

बैतूल में नगर परिषद पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, भ्रष्टाचार और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर किया घेराव

Congress Protests Outside Betul Nagar Parishad

बैतूल {मध्यप्रदेश}। बैतूल विधानसभा क्षेत्र की आठनेर नगर परिषद में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार, पेयजल संकट और अन्य जनसमस्याओं को लेकर नारेबाजी की तथा नगर परिषद के सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर कई गंभीर आरोप लगाए।

पेयजल योजना में गड़बड़ी का आरोप

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वंजारे ने आरोप लगाया कि आठनेर नगर परिषद को मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत पेयजल व्यवस्था के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन उसका दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में भी शहर में चार से पांच दिन के अंतराल पर पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फिल्टर प्लांट की सफाई नहीं होने का दावा

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जामठी फिल्टर प्लांट की कई महीनों से सफाई नहीं कराई गई है। साथ ही पानी की शुद्धता के लिए आवश्यक एलम और क्लोरीन का भी उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसके कारण लोगों को दूषित पेयजल मिल रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं हुई हैं और सड़क अब पार्किंग स्थल बनकर रह गई है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

पट्टे और आवास योजना का मुद्दा भी उठाया

कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष ज्ञानदेव माथनकर ने मांग की कि जिन लोगों के पट्टे नगर परिषद में लंबित हैं, उन्हें तत्काल वापस दिलाए जाएं। साथ ही पात्र लोगों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना में जोड़कर गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में शहर की नियमित सफाई, सार्वजनिक स्थानों पर लगे कचरे के ढेर हटाने और मुख्य डिवाइडर को चौड़ा कर उसमें पौधारोपण कराने की मांग भी की गई।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में शहरवासियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष जानी पठान, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वंजारे, सारिका ज्ञानदेव माथनकर, नेता प्रतिपक्ष ज्ञानदेव माथनकर, अमित जैसवाल, कुसराज दवंडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़े: डिंडौरी में 10वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी