वैशाली में ठेकेदार की दिनदहाड़े हत्या, चार बदमाशों ने घेरकर बरसाईं गोलियां; CCTV में कैद वारदात
वैशाली {बिहार}: जिले से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी नया टोला में मॉर्निंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय ठेकेदार रामनरेश राय की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चार बदमाश रामनरेश राय को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान घेरकर मारी गोली
रोज की तरह रामनरेश राय सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए दिग्घी नया टोला पोखर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामनरेश राय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हत्या की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में चार बदमाश ठेकेदार को घेरकर उन पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
मौके से खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से गोली के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस टीम आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आपसी रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह और अपराधियों की पहचान उनकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एसपी ने बताया कि मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने ठेकेदार रामनरेश राय को गोली मारी है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। एसपी ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़े: सिरोही में भीषण सड़क हादसा, चार वाहनों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत; ट्रेलर चालक फरार