मैनपुरी के मंछना गांव में कांवड़ यात्रा को लेकर वि

मैनपुरी में कांवड़ यात्रा को लेकर विवाद, दो भाइयों से मारपीट का आरोप

Kanwar Yatra Controversy In Mainpuri

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के गांव मंछना में कांवड़ यात्रा को लेकर विवाद के बाद दो भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कुछ युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोनू खान और साहिल खान समेत कई युवकों ने की मारपीट

गांव मंछना निवासी कुलदीप पुत्र रामखिलाड़ी दिवाकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 09 अगस्त की शाम वह गांव के कुछ युवकों के साथ कांवड़ लेने फर्रुखाबाद जा रहा था। इसी दौरान गांव के सोनू खान और साहिल खान भी साथ चलने की बात कहने लगे। मना करने के बावजूद वह दोनों उनके साथ चले गए। आरोप है कि फर्रुखाबाद से लौटने के बाद गांव में सोनू खान, पप्पू पाल और छोटे पाल समेत कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। 

गंगाजल को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी

घायल संदीप दिवाकर ने बताया कि कांवड़ भरने के दौरान कुछ मुस्लिम युवक भी साथ गए थे। कांवड़ को छूने से मना करने पर सोनू खान ने गंगाजल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद सभी लोग फर्रुखाबाद से वापस गांव लौट आए। आरोप है कि सोमवार सुबह कुछ युवकों ने गांव में उसे और उसके भाई को घेर लिया और मारपीट की।

घायलों का अस्पताल में कराया गया भर्ती

पीड़ित का आरोप है कि सोनू खान इससे पहले भी कई बार गाली-गलौज कर चुका है। इतना ही नहीं विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। थाना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भांवत भेजा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें- कंटीले तारों से रास्ता बंद करने और करंट प्रवाहित करने का आरोप, बुजुर्ग दंपती ने एसडीएम से लगाई गुहार