समस्तीपुर में SIR के विरोध में भाकपा माले का मार्च, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
समस्तीपुर: भाकपा माले की ताजपुर प्रखंड कमिटी के बैनर तले शनिवार को फतेहपुर चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने "वोट चोर मोदी-शाह गद्दी छोड़", "ज्ञानेश कुमार मोदी का यार है-देश का गद्दार है", "एसआईआर को रद्द करो", "वोट चोर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" आदि नारे लगाते हुए फतेहपुर चौक से मोतीपुर सब्जी मंडी तक मार्च किया, जहां सभा आयोजित की गई।
एसआईआर के विरोध में भाकपा माले का प्रदर्शन
सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, मनोज कुमार सिंह, संजीव राय, सुलेखा कुमारी, आशा कुमारी एवं सुनीता कुमारी सहित अन्य वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया का विरोध करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग की संरचना एवं कार्यप्रणाली में बदलाव कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है।
एसआईआर के विरोध में आंदोलन तेज करने का ऐलान
उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी और गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी और ज्ञानेश कुमार का पूतला फूंकेगी। सभा के दौरान वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने की मांग दोहराई। कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
ये भी पढ़ें- जसवंतनगर CHC की रात की इमरजेंसी का वीडियो वायरल, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल