क्रिकेट विवाद में चली गोली, दो युवक घायल; इलाके में मचा हड़कंप
गाजीपुर: भांवरकोल के जसदेवपुर में क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों की दूसरे पक्ष से हुई कहासुनी, फायरिंग में दो लोग घायल; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र के जसदेवपुर में देसी शराब के ठेके के पास गोली चलने से दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दोनों का इलाज चल रहा है।
गोली लगने से दो युवक घायल
घायलों की पहचान सुखदेहरा निवासी राघवेश सिंह यादव (35), पुत्र विजय शंकर यादव और पंकज सिंह यादव (25), पुत्र राजमोहन यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राघवेश के पैर और कान में गोली लगी है, जबकि पंकज के दाहिने सीने के पास गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्रिकेट खेलने के बाद हुआ विवाद, फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यादव परिवार के कुछ युवक क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में राय परिवार के युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
दो आरोपियों के नाम आए सामने
मामले में सर्वेश राय उर्फ सिट्टू, पुत्र सर्वेश्वर नाथ राय और आशुतोष उर्फ बिट्टू, पुत्र सर्वेश्वर नाथ राय के नाम सामने आए हैं। दोनों जसदेवपुर, थाना भांवरकोल के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर भांवरकोल थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और मीडिया को घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
ये भी पढ़ें: सरकारी चावल की कालाबाजारी का मामला, ट्रैक्टर से 200 बोरे बरामद; चालक फरार