गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र

पुलिस बनकर आए बदमाश, दिनदहाड़े व्यवसायी का अपहरण; CCTV में कैद हुई वारदात

Search Operation

 गौरेला पेंड्रा मरवाही {छत्तीसगढ}: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ में दिनदहाड़े एक व्यवसायी के अपहरण से सनसनी फैल गई। बदमाश खुद को पुलिसकर्मी बताकर घर में घुसे और पिस्तौल की नोक पर व्यवसायी गिरीश यादव को अगवा कर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकान पर पहुंचकर पूछी पिता की जानकारी

पीड़ित की पत्नी दुर्गा यादव के अनुसार, गिरीश यादव गांव में किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का कारोबार करते हैं। घटना के समय उनका बेटा पंकज दुकान पर था। इसी दौरान नीले रंग की कार में सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पंकज से उसके पिता के बारे में जानकारी ली।

घर में घुसकर दिखाई पिस्तौल

जैसे ही पंकज अपने पिता को बुलाने अंदर गया, दोनों बदमाश जबरन घर में घुस गए। उन्होंने गिरीश यादव को उठाया, पिस्तौल दिखाई और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए अपने साथ चलने को कहा।

गोली मारने की धमकी देकर किया अगवा

विरोध करने पर आरोपियों ने गिरीश यादव को पैर में गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। पंकज ने बताया कि कार पर ओडिशा का नंबर दर्ज था।

रोकने की कोशिश हुई नाकाम

घटना की जानकारी मिलते ही गिरीश यादव के छोटे भाई मनीष जायसवाल ने बरौर इलाके में कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से मरवाही की ओर भाग निकले।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़े: 'दूषित मन वालों ने बुंदेलखंड को बदनाम किया', महोबा में गरजे सीएम योगी आदित्यनाथ