रामगंज स्थित त्रिसुंडी सीआरपीएफ केंद्र में तैनात 5

सीआरपीएफ कर्मी राजकुमार की इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम

CRPF Personnel Rajkumar Dies During Treatment, Family in Mourning

अमेठी, उत्तर प्रदेश: रामगंज स्थित त्रिसुंडी सीआरपीएफ केंद्र में तैनात 53 वर्षीय सीआरपीएफ कर्मी राजकुमार की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले दो महीने से बीमार चल रहे थे और बीमारी के चलते मेडिकल अवकाश पर घर आए हुए थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में शोक छा गया। प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर क्षेत्र के शाहबरी गांव निवासी राजकुमार के बेटे अमित कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1997 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भर्ती हुए थे। बीमारी के कारण वह मेडिकल अवकाश पर घर आए थे। उनका इलाज विभागीय अस्पताल बिजनौर और लखनऊ में चल रहा था।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम

परिजनों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद राजकुमार को घर लाया गया था। घर पहुंचने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। पति को खोने के बाद वह परिवार के भविष्य और सहारे को लेकर चिंतित हैं। वहीं, बेटे अमित कुमार भी पिता की मौत से गहरे सदमे में हैं।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ होगा अंतिम संस्कार

घटना की सूचना मिलने पर त्रिसुंडी सीआरपीएफ केंद्र की टीम जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीआरपीएफ की टीम पार्थिव शरीर लेकर राजकुमार के पैतृक गांव के लिए रवाना हो गई। गांव में गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चार प्रतिष्ठानों से लिए नमूने