साइबर ठगों ने उड़ाई खाते से रकम, परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
पीलीभीत {उत्तर प्रदेश}: साइबर क्राइम लोगों का अकाउंट खाली ही नहीं बल्कि अब लोगों को जान देने पर भी मजबूर कर रही है। पूरनपुर से सामने आई घटना से इलाके में खलबली मच गई है। यहां साइबर ठगी से परेशान चल रहे 20 साल के युवक ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। युवक ई-रिक्शा चालक था। साइबर ठगों ने उसके अकाउंट से तीन बार हजारों की रकम ट्रांसफर कर ली थी। जब परिवार के लोग रिश्तेदारी से वापस घर लौटे तो उसका शव घर में टिनशेड में लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल परिजनों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।
घर पर अकेला था युवक
दरअसल पूरनपुर कोतवाली के भगवंतापुर गांव निवासी शिवराम ने बताया कि वह पत्नी के साथ रिश्तेदारी में लखीमपुर के मैलानी गए हुए थे। घर पर उनका छोटा बेटा रोहित अकेला था। इसी दौरान रोहित ने घर के टिनशेड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में चर्चा शुरू हुई कि रोहित साइबर ठगी का शिकार हो गया था।
तीन बार खाते से ट्रांसफर हुई रकम
बताया गया कि उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग बार हजारों की रकम ट्रांसफर कराई गई थी। इससे वह काफी परेशान चल रहा था। इसी मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठाया है। हालांकि खाते से रकम ट्रांसफर होने और साइबर ठगी के पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर खबर फैलने के बाद जांच तेज
शुरुआत में पिता ने पुलिस को अज्ञात कारणों से बेटे के आत्महत्या करने की जानकारी दी और कार्रवाई कराने से मना कर दिया। बाद में साइबर ठगी से परेशान युवक की आत्महत्या की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोबारा गांव पहुंचकर मृतक के माता-पिता से जानकारी जुटाई है।
पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार
सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। साइबर ठगी से संबंधित तथ्यों की भी जांच शामिल है। खाते से रकम ट्रांसफर होने और युवक के आत्मघाती कदम उठाने के बीच संबंध की भी जांच पड़ताल पुलिस कर रही है।
ये भी पढ़ें: 186 साल पुरानी शाहगंज की रामलीला का भव्य शुभारंभ, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर