तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में कट्टनारपट्टी के पास

तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट में 16 की मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

Deadly Firecracker Factory Blast in Tamil Nadu Kills 16

विरुधुनगर (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में कट्टनारपट्टी के पास एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की। अग्निशमन और बचाव विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक घटनास्थल से 8 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका वाले लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने जताया दुख, मदद के दिए निर्देश

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर को सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विरुधुनगर जिले के कट्टनपत्ति में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

मंत्रियों को मौके पर भेजा, पहले भी हो चुका है हादसा

मुख्यमंत्री ने मंत्री के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन और थंगम थेनारासु को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है ताकि वे बचाव कार्यों की निगरानी कर सकें और प्रभावित परिवारों को सांत्वना दे सकें। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद के लिए समन्वय करने को कहा गया है। गौरतलब है कि इससे पहले 13 अप्रैल को भी विरुधुनगर जिले में ही सत्तूर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ था। वह घटना सत्तूर के मदाथुपट्टी स्थित एक्सेल फायरवर्क्स फैक्ट्री में हुई थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई शोक संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फ़ैक्ट्री में हुए जानलेवा हादसे पर गहरा दुख जताया है। राष्ट्रपति भवन से जारी एक औपचारिक बयान में, राष्ट्रपति ने अचानक हुए इस धमाके से प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, "मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।"

उपराष्ट्रपति ने भी हादसे पर किया दुख व्यक्त

इस बीच, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की और सभी घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "विरुधुनगर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में हुई अत्यंत हृदयविदारक दुर्घटना से गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं प्रार्थना करता हूँ कि सभी घायल शीघ्र ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएँ।"

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/up-to-host-grand-rashmirathi-festival/175702

राष्ट्रकवि दिनकर की कृति के हीरक जयंती वर्ष पर 'रश्मिरथी पर्व' का आयोजन