झनकी सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हुई, प्रदर्शन के दौरान चौकी प्रभारी से मारपीट का वीडियो वायरल
डिंडोरी (मध्य प्रदेश)। डिंडोरी जिले के झनकी गांव में 24 अक्टूबर को हुए भीषण सड़क हादसे में एक और घायल की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। वहीं, हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ द्वारा गोपालपुर पुलिस चौकी प्रभारी अतुल हरदहा के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आधा दर्जन से अधिक लोग हुए थे घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को झनकी गांव के साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ईको कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बजाग और डिंडोरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना में एक व्यक्ति की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि अब एक और घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई है।
ग्रामीणों ने कार में लगाई आग
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ईको कार में आग लगा दी और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर उग्र भीड़ द्वारा गोपालपुर पुलिस चौकी प्रभारी अतुल हरदहा के साथ मारपीट किए जाने का घटनाक्रम सामने आया है।
6 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
चौकी प्रभारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आधा दर्जन नामजद आरोपियों सहित करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों तथा वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।अब देखना होगा कि पुलिस जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़े: खैरीघाट थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस